आगरमालवा, 10 फरवरी मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में पुलिस ने लगातार मादक
पदार्थों के विरुद्ध की जा रही कार्यवाही के तहत सघन चेकिंग में अवैध अफीम जब्त कर आरोपी को
गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को आगरमालवा पुलिस थाना कोतवाली को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना
प्राप्त हुई कि कमलसिंह पुत्र रमेशचन्द्र आँजना निवासी ग्राम काचरिया, मोटरसाइकिल से अवैध मादक
पदार्थ अफीम लेकर बडौद से आगरमालवा की ओर विक्रय हेतु परिवहन कर रहा है। सूचना को गंभीरता
से लेते हुए कोतवाली पुलिस द्वारा स्वतंत्र पंचों की उपस्थिति में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर
झौटा चौकी क्षेत्र अंतर्गत आगरमालवा-बडौद रोड स्थित यात्री प्रतिक्षालय के पास की गई सघन चेकिंग के
दौरान मुखबिर के बताए हुलिये अनुसार काले रंग की हीरो एचएफ डीलक्स मोटर साइकिल पर सवार
संदेही को रोककर वैधानिक प्रक्रिया अनुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी की कमर से बंधी
थैली में रखी 2 किलो 655 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम जिसकी कीमत लगभग 7,96,500 रूपये
बरामद की गई। बरामद मादक पदार्थ को विधिवत तौल कर सीलबंद किया गया तथा एक मोटर
साइकिल अनुमानित कीमत लगभग 50,000 रूपये इस प्रकार 8,46,500 रूपये का कुल मशरुका जप्त
किया गया तथा आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 64/2026 धारा 08/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत
प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है तथा अवैध मादक पदार्थ के क्रय विक्रय एवं परिवहन
संबंधी पूछताछ जारी है।












