नई दिल्ली, 23 फरवरी राजधानी में आयोजित एआई समिट के दौरान हुए प्रदर्शन के
मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस प्रकरण में पुलिस ने यूथ कांग्रेस के एक और
कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ग्वालियर से पकड़े गए जितेंद्र यादव को
विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही अजय कुमार और राजा गुर्जर को भी उप्र से
गिरफ्तार किया गया है। अब तक इस मामले में कुल सात गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। नई दिल्ली जिले
के एडिशनल सीपी देवेश कुमार महला ने इसकी पुष्टि की।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं। जांच
एजेंसियों की टीमें दिल्ली समेत एक दर्जन से अधिक स्थानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि यूथ कांग्रेस के एक दर्जन से ज्यादा नेता और कार्यकर्ता रडार पर हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा रही है और उनकी
धरपकड़ जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया
जाएगा।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपित कृष्ण हरि की कार भी बरामद की है। कार से एक टी-शर्ट और
पोस्टर मिले हैं, जिन्हें प्रदर्शन से जुड़ा अहम साक्ष्य माना जा रहा है। पुलिस इन बरामद सामानों की
फॉरेंसिक जांच कराने की तैयारी में है।
उधर, ग्वालियर से पकड़े गए जितेंद्र यादव के परिजनों ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिवार का कहना है कि पुलिस ने घर से ले जाते समय मारपीट की और गिरफ्तारी की स्पष्ट वजह
भी नहीं बताई। जितेंद्र के पिता केशव ने आरोप लगाया कि उन्हें यह तक नहीं बताया गया कि बेटे
को किस मामले में ले जाया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस नेताओं से संपर्क किया और
एसएसपी कार्यालय भी पहुंचे, लेकिन वहां से भी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई। परिजनों
का कहना है कि यदि उनके बेटे पर कोई एफआईआर दर्ज थी तो इसकी सूचना परिवार को दी जानी
चाहिए थी। इस मामले में पुलिस ने अन्य चार कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई।












