इस अवसर पर पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस का शुभारंभ केवल
वाहन की शुरुआत नहीं, बल्कि दिल्ली को ग्लोबल टूरिज्म मैप पर मजबूती से स्थापित करने की ओर
एक कदम है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में पर्यटन के क्षेत्र में विजन और सुविधाओं की कमी
व पर्यावरण की अनदेखी, दिल्ली को ट्रांजिट सिटी तक सीमित कर रही थी। लेकिन अब मुख्यमंत्री
श्रीमती रेखा गुप्ता जी के नेतृत्व में दिल्ली अब ‘ट्रांजिट सिटी’ से ‘डेस्टिनेशन सिटी’ बन रही है।
पर्यटन मंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के उन चुनिंदा शहरों में
है जहां 1,200 से अधिक स्मारक मौजूद हैं। यहां प्राचीन सभ्यता से लेकर ब्रिटिश कालीन विरासत
और आधुनिक विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे तक का अद्वितीय अनुभव एक साथ मिलता है। इसी दृष्टि
के साथ दिल्ली में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल जैसे वैश्विक आयोजनों की योजना भी बनाई जा रही
है, जिससे टूरिज्म, कॉन्सर्ट इकोनॉमी, लाइव एंटरटेनमेंट और क्रिएटर इकोनॉमी को नई गति मिलेगी।
आने वाले समय में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए परिवहन को भी आधुनिक और इलेक्ट्रिक बनाया
जाएगा।
विशेष है ‘देखो मेरी दिल्ली’ डबल डेकर बस
दिल्ली पर्यटन विभाग द्वारा हिंदुजा कंपनी के सहयोग से प्रारंभ की गई यह बस पूरी तरह से
इलेक्ट्रिक तकनीक पर आधारित है। इस विशेष पर्यटन सर्किट का प्रारंभिक स्थल दिल्ली हाट,
आईएनए निर्धारित किया गया है, जहां से प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे बस यात्रा आरंभ होगी। निर्धारित
मार्ग के अंतर्गत बस विजय चौक, राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक, नेशनल म्यूजियम,
नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट, प्रधानमंत्री संग्रहालय, नेशनल वॉर मेमोरियल और इंडिया गेट जैसे
प्रमुख स्थलों से होकर दोबारा दिल्ली हाट, आईएनए पर आकर समाप्त होगी। यह सर्किट पर्यटकों को
दिल्ली के प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व के स्थलों का सुव्यवस्थित एवं
आरामदायक अनुभव प्रदान करेगा।
कहां से मिलेगी डबल डेकर की टिकट
इस बस का किराया 500 रुपये के साथ 5 प्रतिशत जीएसटी भी जोड़ा गया है। पांच से दस वर्ष तक
के बच्चे का किराया 300 रुपये और 5 प्रतिशत जीएसटी भी होगा। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चे
इस बस में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। इस बस की बुकिंग दिल्ली पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट
www.delhitourism.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन की जा सकती है। इसके अलावा दिल्ली पर्यटन
विभाग के निम्नलिखित सूचना केंद्रों से ऑफलाइन टिकट उपलब्ध होगी, जिनमें सेंट्रल रिजर्वेशन
ऑफिस, कॉफी होम, बाबा खड़क सिंह मार्ग, हनुमान मंदिर के सामने, कनॉट प्लेस, आई-सेंटर (दिल्ली
पर्यटन), बाबा खड़क सिंह मार्ग, कनॉट प्लेस, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय घरेलू हवाई अड्डा- टर्मिनल 1,
ट्रांसपोर्ट ऑफिस, वेस्ट किदवई नगर, श्री अरबिंदो मार्ग, आईएनए मार्केट के सामने, दिल्ली हाट
(आईएनए) के पास और ट्रैवल डिवीजन- दिल्ली हाट (आईएनए)।












