नोएडा, 23 फरवरी सेक्टर-63 स्थित कॉलोनी में सातवीं कक्षा की छात्रा के खुदकुशी करने
के मामले में पुलिस ने सोमवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। किशोरी के भाई ने
आरोपियों पर बहन को ब्लैकमेल करने और साथियों संग शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने का
आरोप लगाया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महोबा का एक व्यक्ति सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में
पत्नी, 13 वर्षीय बेटी और बेटे के साथ लंबे समय से रह रहा है। उसकी बेटी थाना क्षेत्र में ही अपनी
मौसी के यहां रहकर सातवीं कक्षा की पढ़ाई कर रही थी। किशोरी के भाई का कहना है कि तीन दिन
पहले उसके मां-पिता एक शादी समारोह में गांव चले गए।
शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे वह डयूटी चला गया। किशोरी घर में अकेली थी। रात करीब आठ बजे
उसने भाई को सब्जी लाने के लिए फोन किया। पौने दस बजे भाई घर पहुंचा तो दरवाजा खुला था।
कमरे के अंदर जैसे ही वह दाखिल हुआ तो बहन फंदे पर लटकी हुई थी। उसकी सांसें चल रही थीं।
पैर जमीन को छू रहे थे। युवक ने तुरंत इसकी सूचना रिश्तेदारों को दी। डॉयल-112 पर भी कॉल
की। लोगों की मदद से किशोरी को फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसे फेज
तीन थाना क्षेत्र स्थित एक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत
घोषित कर दिया। किशोरी ने खुदकुशी करने से पहले अपनी आपबीती एक डायरी में लिखी। उसने
लिखा कि पड़ोस में रहने वाला गैर समुदाय का युवक अरबाज, समीर और उसका एक अन्य साथी
निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे हैं। तीनों दोस्तों के साथ
शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहे हैं। इस कारण वह जिंदगी खत्म कर रही है। आरोपियों की
गिरफ्तारी न होने पर रविवार सुबह हिंदू संगठनों के लोगों ने परिवार के साथ धरना-प्रदर्शन शुरू कर
दिया था। पुलिस ने सोमवार को दो आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों की पहचान बहलोलपुर
निवासी समीर और अरबाज के रूप में हुई। एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। पुलिस की टीमें
उसकी तलाश में दबिश दे रही हैं।












