नई दिल्ली, 27 फरवरी जहांगीरपुरी के आई, जे, के सहित कई ब्लॉकों में दूषित पानी की
आपूर्ति से स्थानीय लोग गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन आई व
जे ब्लॉक के अध्यक्ष एवं जहांगीरपुरी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एम.एल. भास्कर ने बताया
कि नलों से आने वाला पानी बदबूदार, मटमैला और पीने योग्य नहीं है, जिससे जलजनित बीमारियों
का खतरा बढ़ गया है।
लोगों का कहना है कि नियमित बिल भुगतान के बावजूद स्वच्छ पेयजल नहीं मिल रहा और कई
परिवारों को मजबूरी में टैंकर व बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त
आर्थिक बोझ पड़ रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों ने बताया कि कई दिनों से पानी में गंदगी और सीवर
जैसी दुर्गंध आ रही है तथा बच्चों व बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है। कुछ लोगों ने
पेट दर्द, उल्टी और बुखार की शिकायत भी की है।
एम.एल. भास्कर ने कहा कि संबंधित विभाग को कई बार शिकायत देने के बाद भी समस्या का
समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द शुद्ध पानी की आपूर्ति शुरू नहीं की गई
तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने दिल्ली जल बोर्ड और प्रशासन से पानी की गुणवत्ता की
तत्काल जांच कराने, पाइप लाइन की सफाई कराने और क्षेत्र में नियमित स्वच्छ पेयजल आपूर्ति
सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।












