नई दिल्ली, पुलिस की स्पेशल सेल (दक्षिण रेंज) ने कुख्यात गैंगस्टर
कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के सक्रिय शार्पशूटर सौरभ लाकरा और योगेश शर्मा को 4500 किलोमीटर
तक पीछा करने के बाद महाराष्ट्र के कोल्हापुर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी हरियाणा के झज्जर
जिले के थाना बादली के एक सनसनीखेज हत्या मामले में वांछित थे।
डीसीपी आलाप पटेल ने रविवार को बताया कि स्पेशल सेल को जनवरी के अंतिम सप्ताह में आरोपियों
के बारे में अहम सूचना मिली। इसके बाद टीम महाराष्ट्र रवाना हुई और 100 से अधिक होटल और गेस्ट
हाउस खंगालने के बाद 28-29 जनवरी की रात को कोल्हापुर के टेंबलाई मंदिर के पास उंचागांव रोड से
दोनों को गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपी 17 जुलाई 2025 को संदीप उर्फ बबलू की हत्या के मामले में वांछित थे। आरोप है कि
कपिल सांगवान उर्फ नंदू के इशारे पर कार सवार संदीप पर गोलियां चलाई गई थीं, जिससे उसकी मौत
हो गई। इस संबंध में थाना बादली, झज्जर में एफआईआर संख्या 190/2025 दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद
आरोपियों पर बीएनएसएस की धारा 35.1(डी)/(सी) के तहत कार्रवाई की गई।
हथियार बरामद, नया केस दर्ज (बॉक्स)
पूछताछ में आरोपियों ने मध्य प्रदेश से सिंगल-शॉट पिस्टल खरीदने की बात कबूल की। उनकी
निशानदेही पर दिल्ली से 02 सिंगल-शॉट पिस्टल और 02 कारतूस बरामद किए गए, जिसके बाद स्पेशल
सेल थाने में आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज किया गया।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास (बॉक्स)
योगेश शर्मा पर दिल्ली और हरियाणा में कई मामलों में एनबीडबल्यू जारी थे और उसकी गिरफ्तारी पर
इनाम घोषित था। वहीं सौरभ लाकरा को दिल्ली में हत्या और हत्या के प्रयास के मामलों में उद्घोषित
अपराधी घोषित किया जा चुका था। दोनों आरोपी 10 से अधिक संगीन अपराधों में शामिल रहे हैं।
__________________________________________












