नई दिल्ली, 15 फरवरी दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि साकेत
स्थित ए.पी.जे. स्कूल द्वारा केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा देने जा रहे छात्रों के रोल नम्बर
जारी करने में हुई देरी का मामला आम आदमी पार्टी के शासनकाल की देन है। उन्होंने कहा कि आप
नेता सौरभ भारद्वाज एक स्कूल के मुद्दे को उठाकर यह दिखाने का प्रयास कर रहे हैं मानो दिल्ली
के सभी निजी स्कूलों के परीक्षार्थी रोल नम्बर को लेकर परेशान हों, जो कि सही नहीं है।
उन्होंने बताया कि यह विवाद वर्ष 2020 के कोविड काल में ए.पी.जे. स्कूल द्वारा की गई फीस
वृद्धि से जुड़ा हुआ है और आज इस मुद्दे को उठाना इस बात की स्वीकृति है कि केजरीवाल सरकार
के समय से ही निजी स्कूल लगातार फीस बढ़ाते रहे हैं। वीरेन्द्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि गत
वर्ष केजरीवाल और सुश्री आतिशी सरकार के कार्यकाल में भी इस स्कूल ने बोर्ड परीक्षार्थियों के रोल
नम्बर रोके थे, जिन्हें केंद्रीय बाल आयोग के हस्तक्षेप के बाद जारी करना पड़ा था।
उन्होंने कहा कि फीस वृद्धि से संबंधित यह मामला वर्तमान भाजपा सरकार से जुड़ा नहीं है, बल्कि
पिछले लगभग पांच वर्षों से कुछ अभिभावकों और स्कूल प्रशासन के बीच चल रहा है। दिल्ली भाजपा
अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली सरकार का नया शिक्षा कानून इतना सख्त है कि अब साकेत का ए.पी.जे.
स्कूल ही नहीं, कोई भी निजी स्कूल बोर्ड परीक्षार्थियों के रोल नम्बर नहीं रोक सकेगा और अभिभावक
निश्चिंत रहें कि सभी छात्र परीक्षा में सम्मिलित होंगे। वीरेन्द्र सचदेवा ने आप नेता सौरभ भारद्वाज
से यह भी पूछा कि उनकी सरकार, विशेषकर तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और सुश्री
आतिशी ने पिछले पांच वर्षों में इस फीस वृद्धि मामले में क्या कार्रवाई की थी।












