नई दिल्ली, 27 फरवरी सीमा पुरी से आप विधायक वीर सिंह धिंगान ने जीटीबी
अस्पताल में आयोजित होने जा रहे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कार्यक्रम के बहिष्कार की घोषणा की है।
श्री धिंगान ने आरोप लगाया कि प्रोटोकॉल के अनुसार जीटीबी अस्पताल उनके विधानसभा क्षेत्र में
आता है, इसलिए वहां होने वाले प्रत्येक कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र में क्षेत्रीय विधायक का नाम
अनिवार्य रूप से होना चाहिए, लेकिन उनका नाम शामिल नहीं किया गया, जो अत्यंत शर्मनाक है।
उन्होंने कहा कि वह अनुसूचित वाल्मीकि समाज से आते हैं और जानबूझकर उनका नाम निमंत्रण पत्र
में नहीं दिया गया, जबकि सीमा पुरी सुरक्षित सीट है और यह केवल उनका नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के
मतदाताओं का अपमान है। श्री धिंगान ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब उनका नाम निमंत्रण
पत्र से हटाया गया हो और पहले भी घटिया राजनीति के कारण क्षेत्र के दलितों का अपमान किया
गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन सरकार के दबाव में काम
कर रहा है और चुने हुए जनप्रतिनिधि का नाम नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि वह अपने क्षेत्र के
अस्पतालों में बेहतर सुविधाओं के लिए लगातार काम करते रहे हैं और आगे भी संघर्ष जारी रखेंगे।
किसी निमंत्रण पत्र में नाम होने या न होने से उन्हें फर्क नहीं पड़ता, लेकिन अपने अधिकारों के लिए
वह चुप नहीं रहेंगे।












