नई दिल्ली, 22 फरवरी दक्षिणी दिल्ली संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद रामवीर सिंह
बिधूड़ी ने कालकाजी वार्ड के बाद पुष्प विहार वार्ड में 5 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से होने वाले
विकास कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली
सरकार उन क्षेत्रों तक भी विकास पहुंचा रही है, जो वर्षों से बुनियादी सुविधाओं से वंचित थे। उन्होंने
इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। बिधूड़ी ने बताया कि अम्बेडकर नगर विधानसभा क्षेत्र
के पुष्प विहार वार्ड के लिए मुख्यमंत्री विकास निधि से यह राशि उपलब्ध कराई गई है, जिससे
सड़कों, नालियों और नालों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही पार्कों, सामुदायिक केंद्रों और
विद्यालयों के सुधार का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मदनगीर पुनर्वास कॉलोनी जैसे क्षेत्रों
में लंबे समय से कोई विकास नहीं हुआ था, लेकिन अब नागरिक सुविधाएं मिलने से स्थानीय लोग
बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले कालकाजी वार्ड के लिए भी साढ़े आठ करोड़
रुपये की राशि दी जा चुकी है और दिल्ली सरकार विकास का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने के
लिए लगातार कार्य कर रही है।











