-दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस के बार-बार उद्घाटन पर आप का हमला
नई दिल्ली, 22 फरवरी । आम आदमी पार्टी ने दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर के बार-
बार उद्घाटन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ
भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक ही परियोजना का कई बार उद्घाटन कर विश्व रिकॉर्ड बना
दिया है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि वर्ष 2019, 2023, 2024, पांच जनवरी 2025 और अब 22
फरवरी 2026 को भी दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर से जुड़े हिस्सों का उद्घाटन किया गया।
उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या प्रधानमंत्री के पास कोई नया काम नहीं है या उनका वास्तविक
काम कोई और कर रहा है? उन्होंने कहा कि आठ मार्च 2019 को लोकसभा चुनाव से पहले इस
कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो की आधारशिला रखी गई थी। इसके बाद 20 अक्तूबर 2023 को
आरआरटीएस के एक हिस्से का उद्घाटन कर उसे हरी झंडी दिखाई गई। मार्च 2024 में लोकसभा
चुनाव से पहले फिर से परियोजना को देश को समर्पित किया गया और पांच जनवरी 2025 को
दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर उद्घाटन हुआ और अब 22 फरवरी 2026 को शेष
हिस्सों का उद्घाटन किया गया। आप नेता ने कहा कि दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस एक संयुक्त
परियोजना है, जिसे केंद्र, दिल्ली सरकार और संबंधित राज्य सरकारों ने मिलकर वित्त पोषित किया
है। इसके बावजूद एक ही परियोजना के अलग-अलग चरणों को बार-बार उद्घाटन के रूप में पेश
किया जा रहा है।












