भोपाल, 11 फरवरी मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दिन के समय गर्मी
का असर बढ़ रहा है, जबकि रातें अब भी सर्द बनी हुई हैं। मंगलवार को भोपाल, इंदौर सहित प्रदेश के
15 शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। वहीं, रात के तापमान की
बात करें तो 11 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। दो दिन बाद दिन और रात दोनों के तापमान में
गिरावट देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक देश में फिलहाल दो मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, लेकिन इनके कमजोर होने
के कारण बारिश की संभावना बेहद कम है। इसके अलावा 13 और 16 फरवरी के आसपास नया वेस्टर्न
डिस्टरबेंस पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर मध्य प्रदेश में भी दिखेगा।
इसके चलते दिन और रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने की संभावना है।
नर्मदापुरम सबसे गर्म, कल्याणपुर सबसे ठंडा
मंगलवार को भोपाल, इंदौर, दमोह, खजुराहो, मंडला, सागर, टीकमगढ़, बैतूल, गुना, धार, खंडवा, खरगोन,
रायसेन और रतलाम सहित 15 शहरों में तापमान 30 डिग्री से अधिक रहा। नर्मदापुरम में सबसे ज्यादा
33 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, मंगलवार की रात शहडोल जिले के कल्याणपुर में
सबसे ज्यादा ठंड रही, जहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कटनी के करौंदी
में 5.9 डिग्री, अनूपपुर के अमरकंटक में 7.8 डिग्री, खजुराहो में 8.2 डिग्री, पचमढ़ी और उमरिया में 8.4
डिग्री, रीवा में 8.5 डिग्री, शिवपुरी में 9 डिग्री, मंडला में 9.1 डिग्री, दतिया में 9.5 डिग्री और नौगांव में
9.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
पहाड़ी इलाकों में बर्फ पिघलने के बाद बदलेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि इस समय एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन और वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय है।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश के चलते अगले दो दिनों तक प्रदेश में तापमान बढ़ सकता है।
भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार को तेज धूप रही, जिससे दिन का तापमान
बढ़ा, हालांकि रात और सुबह के समय ठंड बनी रहेगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सिस्टम के गुजरने
और पहाड़ों में जमी बर्फ के पिघलने के बाद मौसम में फिर बदलाव आएगा। 13, 14 और 15 फरवरी को
तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और ठंड का असर दोबारा बढ़ेगा। उत्तर से चलने वाली ठंडी हवाएं भी
महसूस की जाएंगी।












