राजगढ़, 11 फरवरी प्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर सारंगपुर थाना
क्षेत्र में ग्राम धनोरा जोड़ के समीप बुधवार सुबह चाचैड़ा से इंदौर जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित
होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार 67 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि कार
चालक पति और उनकी बेटी गंभीर रुप से घायल हो गई।
पुलिस के अनुसार हाइवे स्थित ग्राम धनोरा जोड़ के समीप चाचैड़ा गुना से इंदौर तरफ जा रही तेज
रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार सरिता (67) पत्नी कैलाश
व्यास निवासी चाचैड़ा की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं कार चालक उनके पति कैलाश व्यास (72) साल
और बेटी ज्योति जोशी (52)साल निवासी देवास गंभीर रुप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने
घायल पिता-पुत्री को एम्बूलेंस वाहन की मदद से सारंगपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार
के बाद उन्हें शाजापुर रेफर किया गया। बताया गया है कि बेटी सहित पति-पत्नी कार में सवार होकर
इंदौर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी ग्राम धनोरा जोड़ के समीप चालक को नींद की
झपकी लगने से कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव
परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।












