नई दिल्ली, दिल्ली में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के
लिए लोक निर्माण विभाग ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। मध्य, उत्तर पश्चिमी और उत्तरी दिल्ली
के अलग-अलग इलाकों में 15 से अधिक नालों के निर्माण और पुनर्निर्माण का काम जल्द शुरू होने
जा रहा है। करीब 56 करोड़ रुपये की लागत से नालों को बेहतर का इन क्षेत्रों की जल निकासी
व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। अगले मानसून से पहले यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने बताया कि मध्य दिल्ली के क्षेत्रों में शहीद पार्क मार्ग पर कोडिया पुल से
छत्ता रेल पुल, नेशनल क्लब और नागपाल डेयरी से लाल बत्ती तक, अजमेरी गेट से सीता रोड,
आसफ अली रोड, जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर कमला मार्केट चौराहे से आसफ अली रोड तक, जोरावर
सिंह मार्ग पर मिठाई पुल से गोखले रोड और रणजीत सिंह मार्ग पर जल निकासी प्रणाली को नया
रूप दिया जाएगा। इसके अलावा बुलेवार्ड रोड पर संत स्टीफंस अस्पताल से भगवान दास चौक तक
दोनों ओर और कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के द्वार संख्या तीन से रिंग रोड व द्वार संख्या पांच तक
भी नालों का निर्माण होगा। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में शालीमार बाग के हैदरपुर मुख्य मार्ग पर बस
अड्डे से डीए ब्लॉक तक और सड़क संख्या 319, शालीमार बाग रेलवे अंडरपास, चौधरी मेहर चंद
मार्ग, सड़क संख्या 320 तथा स्वामी शरधानंद सरस्वती मार्ग पर प्री-कास्ट सामग्री से नालों से जल
निकासी सुधारी जाएगी। इसके साथ ही उत्तरी दिल्ली के औचंदी गांव में कन्या विद्यालय से औचंदी
सीमा तक प्री-कास्ट एवं ढलाई वाली सामग्री से नाले का निर्माण किया जाएगा। इनसे चांदनी चौक,
पहाड़गंज, करोल बाग, शालीमार बाग, कश्मीरी गेट, औचंदी और आसपास के इलाकों में वर्षा के दिनों
में जलभराव की समस्या से लाखों नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। दो स्थानों पर पंप हाउस
बनेंगे पीडब्ल्यूडी बरसात में जलभराव वाले दो स्थानों पर पंप हाउस बनाएगा। तिमारपुर विधानसभा
क्षेत्र में अवतार सिंह मार्ग पर जलभराव होने से रोकने के लिए पंप हाउस का निर्माण किया जाएगा।
इस पर करीब 1.87 करोड़ रुपये की लागत आएगी। वहीं हकीकत नगर क्षेत्र में पंप हाउस और संप
वेल बनाया जाएगा, जिस पर लगभग 2.38 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पीडब्ल्यूडी के एक
अधिकारी ने बताया कि इन पंप हाउसों के बन जाने से बरसात में सड़कों और गलियों में भरने वाला
पानी तेजी से निकाला जा सकेगा।












