नई दिल्ली, 16 फरवरी दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी और
उसके नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि वे राजनीतिक स्टैंड बदलने की कला में बेहद तेज हैं।
उन्होंने कहा कि आप के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज साकेत स्थित ए.पी.जे. स्कूल के बाहर
फीस वृद्धि के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंचे, जबकि इसी स्कूल को वर्ष 2022-23, 2023-24 और
2024-25 में फीस बढ़ाने की अनुमति तत्कालीन अरविंद केजरीवाल और आतिशी सरकार ने दी थी।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली की जनता जानना चाहती है कि क्या यह सही नहीं है कि
केजरीवाल सरकार ने वर्ष 2023 में पांच प्रतिशत, उसके बाद 2023-24 में दस प्रतिशत और 2024-
25 में फिर दस प्रतिशत फीस वृद्धि की मंजूरी दी, यानी ढाई वर्ष में कुल 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी
की अनुमति दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2020-21 में ए.पी.जे. स्कूल पर कार्रवाई का दावा
करने वाली आप सरकार ने केवल नोटिस दिया, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया और बाद में
फीस वृद्धि की छूट दे दी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दे पर बड़ी-बड़ी बातें करने
वाली आप सरकार का मॉडल अब बेनकाब हो चुका है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की जर्जर
इमारतें, निजी स्कूलों को फीस वृद्धि की अनुमति और मोहल्ला क्लीनिकों में जांच से जुड़े घोटालों ने
वास्तविक स्थिति सामने ला दी है। उन्होंने यह भी कहा कि ए.पी.जे. स्कूल के बाहर हुए प्रदर्शन में
सौरभ भारद्वाज न तो अभिभावकों को जुटा सके और न ही अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को।












