नई दिल्ली, 16 फरवरी रोहिणी सेक्टर-24 के पॉकेट-17 स्थित एक क्लीनिक में महिला
फिजियोथेरेपिस्ट पर चाकू से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उपचार के बहाने
महिला के वेश में पहुंचे आरोपी ने अचानक वार कर दिया, जिससे पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो
गई। स्थानीय लोगों की सतर्कता से भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले
कर दिया गया।
प्राथमिक जांच में आरोपी की पहचान पीड़िता के जीजा के रूप में हुई है। वह विग और महिला के
कपड़े पहनकर क्लीनिक पहुंचा था। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार जैसे ही उसने फिजियोथेरेपिस्ट
के गले पर चाकू से वार किया, पीड़िता चिल्लाते हुए बाहर आ गई। शोर सुनकर आसपास के लोग
इकट्ठा हो गए, जिसके बाद आरोपी क्लीनिक की ऊपरी मंजिल पर भाग गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने ऊपर पहुंचकर कपड़े बदले और पड़ोसी मकानों की छतों के रास्ते
फरार होने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। क्लीनिक के भीतर उसकी
विग गिर गई थी, जिससे भेष बदलने की पुष्टि हुई।
घायल फिजियोथेरेपिस्ट को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत
गंभीर बनी हुई है। बुध विहार थाना पुलिस ने आरोपी के पास से चाकू, कपड़े, बैग और मोबाइल फोन
बरामद कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।












