नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम जिलो के वसंत विहार इलाके में घर से सोने-चांदी के
गहने चोरी होने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए घरेलू नौकर समेत दो आरोपियों
को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया है।
डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि 2 फरवरी को वसंत विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी पत्नी के सोने-चांदी के गहने घर से चोरी हो गए थे। शिकायत के बाद
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को शक घर में काम करने वाले नौकर
नरेश सिंह पर हुआ, जो उसी परिसर में रहता था। पुलिस ने नरेश से पूछताछ की, जिसमें वह टूट गया
और उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो जोड़ी चांदी के बिछुए
बरामद किए और उसे गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी के अनुसार, पूछताछ में नरेश ने बताया कि चोरी किए गए बाकी गहने उसने अपने साथी राजू
साह को दे दिए थे। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर बिहार के
सीतामढ़ी जिले के रामनगर गांव में छापा मारकर सह-आरोपी राजू साह को गिरफ्तार किया।












