नई दिल्ली, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और दिल्ली के गौरव शिखर धवन को
दिल्ली सरकार ने ‘दिल्ली खेल महाकुंभ’ का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। यह जानकारी दिल्ली के
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने मंगलवार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में दी।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि 13 फरवरी से शुरू होने वाले दिल्ली खेल महाकुंभ के लिए शिखर धवन ने
स्वयं आगे बढ़कर ब्रांड एंबेसडर बनने की जिम्मेदारी स्वीकार की है। धवन ने दिल्ली सरकार की खेलों
के प्रति प्रतिबद्धता से प्रेरित होकर यह निर्णय लिया है।
सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार को पूरा विश्वास है कि शिखर धवन के मार्गदर्शन और प्रेरणा से
दिल्ली के युवा खिलाड़ियों को नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और पहचान मिलेगी। उन्होंने बताया कि
दिल्ली खेल महाकुंभ के उद्घाटन समारोह से लेकर पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह
बढ़ाने के लिए शिखर धवन की उपस्थिति रहेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिखर धवन का आभार व्यक्त करते हुए दिल्ली के
खिलाड़ियों के प्रति उनके योगदान की सराहना की। शिक्षा मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार को गर्व है
कि एक सफल और प्रेरणादायी खिलाड़ी अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए दिल्ली के युवाओं को आगे
बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं शिखर धवन ने कहा कि दिल्ली खेल महाकुंभ का ब्रांड एंबेसडर बनना उनके लिए गर्व की बात
है। उन्होंने कहा कि दिल्ली ने मुझे बहुत कुछ दिया है। इस मिट्टी की सेवा के लिए मैं हमेशा तैयार
हूं। दिल्ली सरकार ने युवाओं के लिए एक बेहतरीन मंच तैयार किया है। मैं खिलाड़ियों को पूरा
समर्थन देने का प्रयास करूंगा।












