गुरुग्राम, 16 फरवरी श्री शीतला माता मंदिर में पांच मार्च से तीन अप्रैल तक चैत्र मेले
का आयोजन किया जाएगा। इस मेले के आयोजन को लेकर श्री माता शीतला देवी श्राइन बोर्ड ने
तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीसी अजय कुमार ने चैत्र मेले के आयोजन को लेकर सोमवार को मंदिर
परिसर में संबंधित अधिकारियों व बोर्ड के सदस्यों की बैठक ली। इस दौरान श्री माता शीतला देवी
मंदिर श्राइन बोर्ड और जिला परिषद के सीईओ सुमित कुमार भी मौजूद रहे।
बैठक में डीसी अजय कुमार ने कहा कि चैत्र मेले के दौरान यहां भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने
की संभावना रहती है, जिसे देखते हुए प्रशासन को पहले से ही व्यापक और सुव्यवस्थित योजना
बनानी होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात और
मूलभूत सुविधाओं को एकीकृत रूप से देखा जाए, ताकि किसी भी स्तर पर अव्यवस्था की स्थिति
उत्पन्न न हो। विशेषकर सप्ताहांत और सोमवार-मंगलवार को अधिक भीड़ की संभावना को ध्यान में
रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग और स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर
दिया गया।
डीसी ने बैठक में निर्देश दिए कि गुरुग्राम पुलिस, गृह रक्षा बल और मंदिर के सिक्योरिटी गार्ड सुरक्षा
की जिम्मेदारी संभालेंगे। मेले के दिनों में मंदिर में साज सज्जा के साथ सफाई व्यवस्था का पूरा
ध्यान रखा जाए और श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी, मोबाइल शौचालयों और पेयजल आदि की पूरी
व्यवस्था होगी। इनके लिए उन्होंने जिम्मेदारियां भी सौंपी। डीसी ने यह भी कहा कि मेले के दिनों में
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से मंदिर परिसर में मेडिकल पोस्ट
स्थापित की जाएगी, जहां पर 24 घंटे स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी रहेगी। इसके अलावा, एंबुलेंस भी
24 घंटे रहेगी। मेला के दिनों में फायर ब्रिगेड के वाहन भी 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे।












