प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपने आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम का स्वागत किया। टीम ने हाल ही में अपना पहला ICC महिला विश्व कप 2025 जीतकर इतिहास रचा है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके संघर्ष, आत्मविश्वास और देश के लिए समर्पण की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय महिला टीम ने न केवल ट्रॉफी जीती है बल्कि करोड़ों भारतीयों के दिल भी जीते हैं। उन्होंने टीम की वापसी की कहानी को प्रेरणादायक बताया और कहा कि आलोचना और चुनौतियों के बावजूद खिलाड़ियों ने जिस तरह आत्मविश्वास के साथ मैदान में प्रदर्शन किया, वह देश के हर युवा के लिए एक सीख है।
बैठक के दौरान पीएम मोदी ने खिलाड़ियों के साथ हल्की-फुल्की बातचीत भी की। उन्होंने ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा से उनके वायरल जय श्री राम पोस्ट और हाथ पर बने हनुमान जी के टैटू के बारे में पूछा। दीप्ति ने मुस्कुराते हुए बताया कि यह उनके विश्वास और प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने कहा, मैं हर मैच से पहले हनुमान चालीसा पढ़ती हूं, इससे मुझे ताकत और आत्मविश्वास मिलता है। पीएम मोदी ने उनकी आस्था की सराहना करते हुए कहा कि “विश्वास और अनुशासन किसी भी खिलाड़ी की सबसे बड़ी पूंजी होती है।
प्रधानमंत्री ने टीम की कप्तान और कोच से भी बातचीत की तथा पूछा कि टूर्नामेंट के दौरान टीम ने दबाव की स्थिति को कैसे संभाला। कप्तान ने बताया कि हर खिलाड़ी ने अपनी भूमिका को पूरी निष्ठा से निभाया और सभी का लक्ष्य एक ही था , भारत को विश्व चैंपियन बनाना।
इस मौके पर पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को सम्मानस्वरूप स्मृति चिह्न भेंट किए और कहा कि यह जीत सिर्फ महिला क्रिकेट की नहीं, बल्कि पूरे भारत की जीत है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत की बेटियां खेलों में और भी बड़ी ऊंचाइयां छूएंगी।
कार्यक्रम के अंत में पीएम मोदी ने टीम के साथ समूह फोटो खिंचवाया और कहा, आप सबने जो कर दिखाया है, उससे देश गर्व से भर गया है। आने वाले वर्षों में ये पल नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरित करेंगे।
इस मुलाकात ने न केवल खिलाड़ियों के मनोबल को ऊंचा किया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि देश उनके साथ खड़ा है , हर संघर्ष में, हर जीत में।












