कैगायन डी ओरो (फिलीपीन), दक्षिणी फिलीपीन में आए एक उष्णकटिबंधीय तूफान के
कारण बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुईं, जिनमें कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 6,000 से अधिक
लोग विस्थापित हो गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उष्णकटिबंधीय तूफान ‘पेन्हा’ ने बृहस्पतिवार देर रात प्रशांत महासागर से होते हुए दक्षिण-पूर्वी सुरिगाओ डेल सुर
प्रांत में कहर ढाया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर के आसपास यह तूफान मध्य बोहोल प्रांत के तट के पास स्थित था,
जहां इसकी अधिकतम निरंतर गति 55 किलोमीटर प्रति घंटा और हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज
की गई।
नागरिक सुरक्षा कार्यालय के क्षेत्रीय निदेशक एंतोनियो सुगारोल ने बताया कि कैगायन डी ओरो शहर के दक्षिणी
हिस्से के एक गांव में मूसलाधार बारिश के कारण खदान क्षेत्र में हुए भूस्खलन से एक दंपति और उनके दो बच्चों
की बृहस्पतिवार रात मौत हो गई। भूस्खलन से उनकी झोपड़ी क्षतिग्रस्त हो गई थी।
कैगायन डी ओरो से करीब 55 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित इलिगन शहर में, एक निवासी ने शुक्रवार को
रेडियो नेटवर्क डीज़ेडएमएम को फोन कर अपने घर की दूसरी मंजिल से बचाए जाने की गुहार लगाई। बाढ़ का पानी
बढ़ने से वह अपने तीन परिजनों के साथ फंस गई थी।
सुगरोल ने रेडियो पर उस महिला को आश्वासन देते हुए कहा, “बचाव दल रास्ते में हैं।” उन्होंने बताया कि इलिगन
शहर के महायहाय और टुबोद गांवों में अन्य परिवारों को भी सुरक्षित निकाला जा रहा है।
नागरिक सुरक्षा कार्यालय के अनुसार, तूफान के कारण 6,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं, जिनमें से करीब
5,800 लोगों ने दक्षिणी और मध्य प्रांतों में राहत शिविरों में शरण ली है। कई इलाकों में स्कूलों में कक्षाएं स्थगित
कर दी गई हैं।












