मॉस्को, के एक विश्वविद्यालय में नाबालिग द्वारा चाकू से किए गए हमले
में घायल हुए चार भारतीय मेडिकल छात्रों की हालत स्थिर है और वे तेजी से ठीक हो रहे हैं। यहां
भारतीय दूतावास ने रविवार को यह जानकारी दी।
ये चार भारतीय उन छह लोगों में शामिल थे, जो शनिवार को रूस की राजधानी से लगभग 1,200
किलोमीटर पूर्व में स्थित बश्कोर्तोस्तान गणराज्य के ऊफा में सरकारी मेडिकल विश्वविद्यालय में हुए
चाकू हमले में घायल हो गए थे।
कजान के भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने रविवार को चारों छात्रों से अस्पताल में मुलाकात
की।यहां स्थित भारतीय दूतावास ने कहा, ‘‘छात्रों की हालत स्थिर है और वे तेजी से ठीक हो रहे हैं। हमारे
अधिकारी ने आज अस्पताल में उनसे मुलाकात की और छात्रावास में अन्य छात्रों से भी मिले। हम
लगातार उनके संपर्क में हैं।’’
स्थानीय स्कूल का नौवीं कक्षा का 15 वर्षीय छात्र चाकू लेकर मेडिकल विश्वविद्यालय के छात्रावास में
घुसा और वहां रहने वाले छात्रों पर हमला कर दिया।
गिरफ्तारी का विरोध करते हुए हमलावर ने दो पुलिसकर्मियों और छात्रावास के गार्ड को भी घायल कर
दिया। हमलावर किशोर ने बाद में खुद को चोट पहुंचाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया और उसे
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।












