मीरजापुर, उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में पड़री थाना क्षेत्र के मोहनपुर
कनौरा मार्ग पर रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से राजगीर मिस्त्री
की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
मोहनपुर निवासी कपिल विश्वकर्मा (40) पुत्र स्व. नान्हक विश्वकर्मा रोज की तरह काम पर जाने के
लिए साइकिल से तोसवा जा रहे थे। जैसे ही वह मोहनपुर पहाड़ी के पास पहुंचे, पीछे से आए तेज
रफ्तार ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कपिल गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर
मौजूद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से उन्हें पड़री प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से
हालत नाजुक देखते हुए मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। मंडलीय अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों
ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी मालती देवी की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर
पंचायतनामा की कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह
ने बताया कि ट्रैक्टर पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।









