भोपाल, 10 फरवरी मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में किन्नर समुदाय से जुड़ा विवाद
मंगलवार को उस समय और गहरा गया, जब बड़ी संख्या में किन्नर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और विरोध
प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे किन्नरों का आरोप है कि किन्नर गुरु सुरैया द्वारा उन पर जबरन धर्म
परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा है। इस मामले में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने निष्पक्ष जांच
की मांग की है।
कलेक्टर के नाम सौंपे गए आवेदन में हिंदू किन्नरों ने आरोप लगाया कि भोपाल में रहने वाली सुरैया
गुरु बीते कई वर्षों से अपने शिष्यों पर इस्लाम अपनाने का दबाव बना रही हैं। किन्नरों का दावा है कि
विरोध करने पर उनके साथ मारपीट, धमकी और मानसिक उत्पीड़न किया जाता है। साथ ही उन्हें
गोमांस खाने, फर्जी दस्तावेज बनवाने और अवैध गतिविधियों में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा
रहा है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि लगातार धमकियों के कारण किन्नर समुदाय भय के माहौल
में जी रहा है और कई लोग अपनी पारंपरिक आजीविका—बधाई और कार्यक्रमों में जाने—से वंचित हो रहे
हैं। मंगलवारा क्षेत्र में रहने वाले किन्नरों ने खुद को असुरक्षित बताते हुए जान-माल के खतरे की आशंका
जताई है।












