जयपुर, 11 फरवरी निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जोधपुर जिले में कार्रवाई करते हुए
बिलाड़ा तहसील के पटवार हल्का खारिया मीठापुर में कार्यरत पटवारी रोहित कुमार को चार हजार रुपये
की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी के पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि जोधपुर ग्रामीण इकाई को शिकायत मिली थी
कि आरोपी पटवारी जमीन के खाते में परिवादी की दादी के नाम संशोधन करने के एवज में पांच हजार
रुपये की रिश्वत मांग रहा है। रिश्वत नहीं देने पर कार्य में देरी कर परेशान किया जा रहा था। शिकायत
का सत्यापन कराया गया, जिसमें पांच हजार रुपये की मांग की पुष्टि हुई। परिवादी के राशि कम करने
के आग्रह पर आरोपी चार हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
पारस सोनी के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। टीम ने आरोपी को चार हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए
पकड़ लिया। आगे की कार्रवाई की जा रही है।











