सोहना, 12 फरवरी की हनुमान बगीची परिसर में लायंस क्लब सोहना सिटी की
ओर से बृहस्पतिवार को सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में छह कन्याओं
का विवाह कराया गया। यह आयोजन क्लब की ओर से दूसरी बार कराया गया। इसमें बतौर अतिथि
सोहना विधायक तेजपाल तंवर, करनी सेना अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू, समाजसेवी नारायण भड़ाना,
प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भड़ाना, पूर्व मंत्री संजय सिंह आदि ने शिरकत की। जिनके
पहुंचने पर क्लब सदस्यों ने उनका बुके देकर स्वागत किया।
क्लब की ओर से सभी दूल्हों की बारात बगीची प्रांगण से प्रारंभ होकर कस्बे के बाजारों से गुजरती हुई
दोबारा बगीची में पहुंचकर समाप्त हुई। सभी मौजूद अतिथियों ने वर व वधु को आशीर्वाद प्रदान
किया। क्लब की ओर से नव दंपती को घरेलू सामान निशुल्क प्रदान किया गया। पंडित द्वारा सभी
नवयुगल को अग्नि के फेरे कराए गए। क्लब सदस्यों ने अतिथियों व गणमान्य लोगों को स्मृति
चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
सामाजिक संस्थाओं को समाज सेवा कार्यों के लिए आगे आना चाहिए। ऐसी संस्थाओं का समाज के
उत्थान में अहम योगदान होता है, जो समाज को तरक्की देने में सहायक होती है। यह बात सोहना
विधायक तेजपाल तंवर ने लायंस क्लब सोहना सिटी की ओर से आयोजित 6 कन्याओं के सामूहिक
विवाह समारोह के अवसर पर लोगों के समक्ष कही। इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि
कन्यादान महादान होता है।












