नई दिल्ली, 15 फरवरी महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर धानक समाज द्वारा भव्य एवं
गरिमामयी शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, समाज के
पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सदर थाना से प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा
मोतिया खान, आराकाशा रोड, राम नगर, नबी करीम और सिंघाड़ा चौक से होते हुए खारी कुओं पर
विधिवत रूप से संपन्न हुई।
कार्यक्रम में सांसद प्रविन खंडेलवाल, विधायक इमरान हुसैन, बीएसएफ से सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक
रमेश कुमार निर्माण तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में
समाज की एकता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं की सराहना की।
प्रविन खंडेलवाल ने कहा कि महाशिवरात्रि केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और
आपसी भाईचारे का संदेश देने का अवसर है। उन्होंने धानक समाज द्वारा आयोजित इस शोभायात्रा
को क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा और एकजुटता को सुदृढ़ करने वाला बताया। इमरान हुसैन ने अपने
संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में शिवभक्ति का विशेष महत्व है और इस आयोजन के
माध्यम से समाज ने अपनी परंपराओं को जीवंत रखने का सराहनीय कार्य किया है।
शोभायात्रा के संचालक एवं पूर्व उपाध्यक्ष सीटी एसपी जोन धर्मेंद्र माहवर ने कहा कि इस प्रकार के
धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन क्षेत्र की सामाजिक सद्भावना को मजबूत करते हैं। योगी महेश्वर
नाथ ने महाशिवरात्रि को सेवा, त्याग और समर्पण की भावना का पर्व बताते हुए इसे समाज को
संगठित और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
यात्रा के दौरान भगवान शिव की आकर्षक झांकियां, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों ने
श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। आयोजन समिति ने प्रशासन के सहयोग से पूरे कार्यक्रम को
शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।












