नई दिल्ली, 15 फरवरी दिल्ली नगरपालिका परिषद के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल
ने सरोजिनी नगर में पौधारोपण किया। इस मौके पर एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने
कहा कि यह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि लोगों की भावनाओं से जुड़ा एक साझा
दायित्व बन गया है। निवासी बने हरियाली के संरक्षक कॉलोनी में पीपल और अशोक के पौधे लगाए
गए। निवासियों ने इन पौधों को गोद लेकर उनकी देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी ली जिससे हर
पौधा परिवार की जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बन गया। यह अभियान भावनाओं को
कर्म से जोड़ता है। मां के नाम लगाया गया एक पेड़ प्रकृति की रक्षा, शहर को संवारने और बच्चों के
भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प बन जाता है। चहल ने बताया कि एनडीएमसी ने एक सालभर
का ग्रीन कैलेंडर बनाया है, जिसके तहत हर रविवार अलग-अलग इलाकों में पौधरोपण किया जा रहा
है। उन्होंने कहा कि शहरों में हरियाली कोई शौक नहीं बल्कि जरूरत है और इसमें नागरिकों की
भागीदारी सबसे अहम है। हरित अभियान के साथ नागरिक समस्याओं पर भी चर्चा दौरे के दौरान
आरडब्ल्यूए सदस्यों के साथ एक बैठक भी हुई जिसमें कॉलोनियों में पानी की कमी की समस्या पर
चर्चा की गई। नेताजी नगर से नई पानी की पाइपलाइन बिछाने के प्रस्ताव की समीक्षा जल आपूर्ति
विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में की गई।











