नई दिल्ली, 16 फरवरी राष्ट्रीय प्राणी उद्यान में आम नागरिकों के लिए एक नई पहल
के तहत मार्च से वन्यजीवों को एक दिन के लिए गोद लेने की सुविधा शुरू की जाएगी। इस योजना
के माध्यम से लोग अपना जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ या अन्य विशेष अवसर किसी पशु को गोद
लेकर मना सकेंगे। इसके लिए 500 रुपये से लेकर लगभग 50 हजार रुपये तक की राशि निर्धारित
की गई है।
चिड़ियाघर के निदेशक डॉ. संजीत कुमार ने बताया कि अल्पकालिक गोद लेने के प्रस्ताव को इस माह
के अंत तक स्वीकृति मिलने की संभावना है और इसके बाद इसे लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा
कि एक दिन के लिए गोद लेने की दर संबंधित पशु की वार्षिक गोद लेने की राशि के आधार पर तय
की गई है।
संशोधित दरों के अनुसार 18 हजार रुपये वार्षिक शुल्क वाले चित्तीदार हिरण को 500 रुपये में एक
दिन के लिए गोद लिया जा सकेगा। इसी प्रकार 45 हजार रुपये वार्षिक दर वाले भालू को भी 500
रुपये में अपनाने की सुविधा होगी, जबकि छह लाख रुपये वार्षिक दर वाले बाघ को एक दिन के लिए
लगभग 50 हजार रुपये में गोद लिया जा सकेगा।
योजना के अंतर्गत ऑनलाइन गोद लेने का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे लोग भी
इसमें भागीदारी कर सकेंगे जो पूरे वर्ष के लिए किसी पशु को गोद लेने में सक्षम नहीं हैं। गोद लेने
से प्राप्त राशि संबंधित पशु के भोजन और देखभाल पर खर्च की जाएगी। चयनित पैकेज के अनुसार
गोद लेने वाले व्यक्ति को प्रमाणपत्र और स्मृति-चित्र भी प्रदान किए जाएंगे।
चिड़ियाघर प्रशासन मुख्य प्रवेश द्वार पर एक डिजिटल स्क्रीन लगाने की तैयारी कर रहा है, जिसमें
गोद लेने के विकल्पों और उपलब्ध पशुओं की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही वर्तमान प्रक्रिया
को सरल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना से जुड़ सकें और
वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े।












