नई दिल्ली, 18 अक्टूबर 2025 धनतेरस के शुभ अवसर पर शनिवार को dehli-NCR में लोगों की भारी भीड़ सड़कों पर उमड़ पड़ी। खरीदारी और त्योहार की तैयारियों के चलते राजधानी की प्रमुख सड़कों पर भीषण ट्रैफिक जाम देखने को मिला। नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली और गुरुग्राम की मुख्य सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे यात्रियों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
दिल्ली के सरोजिनी नगर, लाजपत नगर, करोल बाग, चांदनी चौक, लक्ष्मी नगर और साउथ एक्सटेंशन जैसे प्रमुख बाजारों में लोगों की भारी भीड़ देखी गई। बाजारों के पास पार्किंग स्थल भरे हुए थे, जिसके कारण सड़क किनारे वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। नोएडा सेक्टर-18, अट्टा मार्केट, डीएलएफ मॉल और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर जाने वाली सड़कों पर वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ते नजर आए।
गुरुग्राम में भी एमजी रोड, सिकंदरपुर और सिटी सेंटर के पास जाम का आलम रहा। ऑफिस से लौट रहे लोगों और त्योहार की खरीदारी करने वालों की भीड़ एक साथ आने से सड़कों की हालत और बिगड़ गई। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने कई जगहों पर ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की, लेकिन बढ़ती भीड़ के आगे व्यवस्थाएं नाकाफी साबित हुईं।
गाजियाबाद में मेरठ रोड, कौशांबी और वसुंधरा इलाकों में भी शाम के समय भारी जाम देखने को मिला। सोशल मीडिया पर लोगों ने ट्रैफिक की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग की।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और सार्वजनिक परिवहन का अधिकतम उपयोग करें। वहीं, त्योहारी उत्साह के बीच दुकानदारों के चेहरे पर रौनक छाई हुई है, क्योंकि धनतेरस की खरीदारी ने बाजारों में रौनक लौटा दी है।
कुल मिलाकर, धनतेरस की रौनक ने Delhi Ncr की सड़कों पर रफ्तार थाम दी, पर लोगों का उत्साह इस जाम के बावजूद कम नहीं हुआ।












